home page

लाभपुर के मंदिर में मूर्तियां तोड़ने से तनाव, दोषियों की गिरफ्तारी का पुलिस ने दिया आश्वासन

 | 
लाभपुर के मंदिर में मूर्तियां तोड़ने से तनाव, दोषियों की गिरफ्तारी का पुलिस ने दिया आश्वासन


बीरभूम, 27 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के लाभपुर में मंदिर के अंदर देवी-देवताओं की मूर्तियां तोड़े जाने की घटना को लेकर तनाव फैल गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि मंदिर में स्थापित श्वेत पत्थर की मूर्तियों को तोड़ा गया है। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मंदिर परिसर को घेर लिया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है। पुलिस ने दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार, लाभपुर थाना अंतर्गत चौहट्टा गांव के इस पुराने मंदिर में सोमवार देर रात अंधेरे में मूर्तियों को तोड़ने का आरोप है। मंदिर के अंदर लाल रंग भी छिड़के जाने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मंदिर के बाहर जुट गए।

घटना की सूचना पाकर बीरभूम के जिला पुलिस अधीक्षक विदित राज बंदेश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक (बोलपुर) अभिषेक राय और बोलपुर के एसडीपीओ अर्पित आर. परेख भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

जिला पुलिस अधीक्षक विदित राज बंदेश ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि इस घटना को अंजाम देने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक दल को भी बुलाया गया है। विशेषज्ञ घटनास्थल से नमूने एकत्र करेंगे, जिससे जांच में मदद मिलेगी।

भाजपा के स्थानीय नेता विश्वजीत मंडल ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि मंदिर में मूर्तियां तोड़ने की घटना नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले को देख रही है और जांच में प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी है और सात दिनों के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता