चाय बागान में जंगली हाथी के हमले में मजदूर की मौत
जलपाईगुड़ी, 8 जून (हि.स.)। उत्तर बंगाल के मेटेली इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े चाय बागान में जंगली हाथी के हमले से एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना सोमवार सुबह माटियाली ब्लॉक के नागेश्वरी चाय बागान में हुई। मृतक की पहचान दीपक ग्वाला (40) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सुबह एक जंगली हाथी पहले जुरंती चाय बागान में घुसा और बाद में नागेश्वरी चाय बागान के 19 नंबर बी सेक्शन में पहुंच गया। वहीं काम कर रहे दीपक पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाथी पास के आइविल चाय बागान की ओर चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही मेटेली थाने की पुलिस, वन विभाग की खुनिया स्क्वॉड की टीम और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
वन विभाग ने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।इस बीच भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता अमित छेत्री भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिवार को हर संभव मदद और सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

