home page

बंद चाय बागानों को लेकर बैठक करेंगे श्रम मंत्री अर्जुन सिंह

 | 
बंद चाय बागानों को लेकर बैठक करेंगे श्रम मंत्री अर्जुन सिंह


सिलीगुड़ी, 03 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर सिंकोना बागान की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह पहाड़ दौरे पर पहुंचे है। सोमवार को कोलकाता से बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें न्यूनतम मजदूरी और श्रमिकों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों के समाधान के लिए विशेष रूप से भेजा है।

श्रम मंत्री ने बताया कि दार्जिलिंग में सिंकोना बागान के मुद्दे पर आज जीटीए, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी, सिंकोना निदेशक और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की जाएगी, जिसमें श्रमिकों की समस्याओं और बागान के भविष्य को लेकर चर्चा होगी। मंत्री ने कहा कि बंद पड़े चाय बागानों को दोबारा खोलने की दिशा में भी सरकार प्रयासरत है। इस संबंध में कई बैठकें हो चुकी है और कार्रवाई भी जारी है।

मुख्यमंत्री पर कथित आतंकी हमले की साजिश के मामले पर उन्होंने कहा कि पहले भी मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई थी। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे को पहले उठाने पर उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया था, लेकिन अब उनके आरोप सही साबित हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने पीसी-भतीजा कंपनी (तृणमूल) पर भी राजनीतिक आरोप लगाए।

मालदा में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद होने के मामले में मंत्री ने कहा कि अभी भी बड़ी मात्रा में अवैध धन का पता लगाया जाना बाकी है। उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस दिन पीसी और भतीजे का पैसा बरामद होगा उस दिन उन्हें सबसे अधिक खुशी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार