केरल में ट्रेन से गिरकर अलीपुरद्वार के प्रवासी मजदूर की मौत
अलीपुरद्वार, 10 अक्टूबर (हि.स)। दुर्गापूजा पर परिवार के साथ खुशियां मनाने का सपना लेकर घर लौट रहे प्रवासी मजदूर की केरल में दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक की पहचान स्वपन मुंडा (30) के रूप में हुई है। शुक्रवार देर रात केरल के अलुवा रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई है।
स्वपन अलीपुरद्वार-1 ब्लॉक की पूर्व कठलबाड़ी ग्राम पंचायत के डांगापाड़ा गांव के निवासी थे। वह पिछले करीब दस वर्षों से केरल में राजमिस्त्री के सहायक के रूप में काम कर रहे थे।
दुर्गापूजा पर घर लौटने के लिए वह अपने मामा रामाय मुंडा के साथ ट्रेन से रवाना हुए थे। इसी दौरान अलुवा स्टेशन के पास वह अचानक ट्रेन से गिर गए। हालांकि, वह कैसे गिरे, इसकी जानकारी उनके मामा को भी नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार स्वपन परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में वृद्ध विधवा मां सुखबाला मुंडा है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। हर साल पूजा के अवसर पर स्वपन ही मां के लिए कपड़े खरीदकर लाते थे और घर का खर्च चलाते थे।
उनकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार के पास केरल से शव गांव लाने तक के पैसे नहीं हैं। अब शोकाकुल परिजन स्वपन का शव घर लाने के लिए प्रशासनिक सहायता की उम्मीद कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

