home page

विस चुनाव : 2026 जयपुर सीट पर कुड़मी समाज को मौका

 | 
विस चुनाव : 2026 जयपुर सीट पर कुड़मी समाज को मौका


पुरुलिया, 20 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अहम फैसला लेते हुए जयपुर विधानसभा सीट आदिवासी कुड़मी समाज को सौंप दी है। इस सीट पर ‘भाजपा समर्थित उम्मीदवार’ के रूप में विश्वजीत महतो चुनाव लड़ेंगे। वे आदिवासी कुड़मी समाज के प्रमुख नेता अजीत महतो के पुत्र हैं। गुरुवार को भाजपा की दूसरी सूची में उनके नाम की घोषणा की गई।

गुरुवार को टिकट मिलने के बाद से ही उम्मीदवार ने चुनावी मैदान में सक्रियता बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह से लगातार जनसंपर्क और प्रचार अभियान तेज़ कर दिया गया है। क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में समर्थकों के साथ संपर्क साधते हुए वे मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं और चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने में जुट गए हैं।

उल्लेखनीय है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता नरहरी महतो विजयी हुए थे, लेकिन इस बार पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। हाल ही में अजीत महतो समेत कुड़मी समाज के प्रतिनिधियों ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद जब भाजपा की पहली सूची जारी हुई, तब पुरुलिया जिले की जयपुर, पुरुलिया और बाघमुंडी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए गए थे। तभी से अटकलें लगाई जा रही थीं कि इनमें से किसी एक सीट को कुड़मी समाज के लिए छोड़ा जा सकता है। अब जयपुर सीट को लेकर यह स्पष्ट हो गया है।

इसके अलावा, पुरुलिया सीट से पार्टी ने वर्तमान विधायक सुदीप मुखर्जी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बाघमुंडी सीट से रहिदास महतो को मैदान में उतारा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता