home page

कोलियरी क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर की लगातार हो रही है चोरी

 | 
कोलियरी क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर की लगातार हो रही है चोरी


आसनसोल, 29 मार्च (हि. स.)। जामुड़िया थाना के केंदा चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही ट्रांसफॉर्मर लूट की घटनाओं ने पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना दिया है। ताजा मामला कुनुस्तोरिया कोलियरी परिसर का है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुनुस्तोरिया कोलियरी परिसर जहां शनिवार देर रात करीब 20–22 सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की। बदमाशों ने सबसे पहले वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पंप ऑपरेटर पर हमला किया, उन्हें बुरी तरह पीटा और बांधकर बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने पंप हाउस में लगे ट्रांसफॉर्मर से जुड़े कीमती उपकरण और धातु सामग्री लूट ली और चालू लाइन की केबल काटकर मोटे केबल भी अपने साथ ले गए।

इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले केंदा के शालडांगा पंप हाउस और चिचुड़िया इलाके में भी इसी तरह की लूट हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से यह साफ हो रहा है कि ट्रांसफॉर्मर अब अपराधियों के लिए आसान निशाना बनते जा रहे हैं। रविवार सुबह जैसे ही इस घटना की जानकारी सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई।

श्रमिक संगठनों ने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया है और कहा है कि इस हमले में पंप ऑपरेटर की जान भी जा सकती थी। उन्होंने ईसीएल प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने और नियमित गश्त की मांग की है। घटना को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा