home page

प्रिय रंजन दासमुंशी की प्रतिमा अनावरण के मंच से कुणाल घोष ने दिया कांग्रेस-वाममोर्चा को भाजपा विरोधी गठबंधन का प्रस्ताव

 | 
प्रिय रंजन दासमुंशी की प्रतिमा अनावरण के मंच से कुणाल घोष ने दिया कांग्रेस-वाममोर्चा को भाजपा विरोधी गठबंधन का प्रस्ताव


कोलकाता, 13 नवंबर (हि. स.)। दिवंगत दिग्गज कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रिय रंजन दासमुंशी की स्मृति सभा और प्रतिमा अनावरण समारोह में शुक्रवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का एक मंच पर जुटना राजनीतिक सौहार्द की मिसाल बना। हालांकि, इस आयोजन में भी राजनीति का रंग देखने को मिला। कोलकाता के बिबादी बाग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष ने भाजपा के खिलाफ कांग्रेस और माकपा सहित वाम दलों को एकजुट होकर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दे दिया। उनके इस बयान पर कांग्रेस नेताओं ने तत्काल आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रिय रंजन दासमुंशी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम को राजनीतिक चर्चा का मंच नहीं बनाया जाना चाहिए।

प्रिय रंजन दासमुंशी की प्रतिमा स्थापित करने की योजना कांग्रेस की लंबे समय से थी। इस कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। प्रियदा की लोकप्रियता और स्वीकार्यता केवल कांग्रेस तक सीमित नहीं थी, बल्कि अलग-अलग विचारधाराओं के लोग भी उनका सम्मान करते थे। यही वजह रही कि कार्यक्रम में तृणमूल कांग्रेस के शोभनदेव चटर्जी, कुणाल घोष, मदन मित्रा, प्रसून बनर्जी से लेकर वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस तक एक मंच पर नजर आए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ तृणमूल नेता शोभनदेव चटर्जी ने प्रिय रंजन दासमुंशी को अपने जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले तीन व्यक्तियों में सबसे पहले स्थान दिया। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में तीन लोगों का विशेष योगदान रहा है, जिनमें प्रियदा, सिद्धार्थ शंकर राय और ममता बनर्जी शामिल हैं। वहीं, मदन मित्रा ने कहा कि वह यहां प्रियदा के मदन मित्रा बनकर आए हैं।

हालांकि, कार्यक्रम के दौरान उस समय राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई, जब कुणाल घोष ने अपने संबोधन में भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों की एकजुटता की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सभी दल कह रहे हैं कि वे अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। तृणमूल कहेगी कि वह अकेले लड़ेगी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार भी अकेले लड़ने की बात कहेंगे और माकपा नेतृत्व भी यही कहेगा। लेकिन इस बीच भाजपा वोट लूटकर चुनावी मैदान अपने कब्जे में कर लेगी। उन्होंने कांग्रेस और वाम दलों से भाजपा विरोधी गठबंधन बनाने की अपील की।

कुणाल घोष के इस बयान पर कांग्रेस नेताओं ने तत्काल प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस नेता अमिताभ चक्रवर्ती ने कहा कि यह कुणाल घोष का व्यक्तिगत बयान है, लेकिन प्रिय रंजन दासमुंशी की स्मृति में आयोजित मंच पर राजनीति की बात नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह बहुलतावादी मंच है और इसे दलगत राजनीति से ऊपर बनाए रखना जरूरी है। गठबंधन या राजनीतिक चर्चा के लिए सभी दलों के अपने-अपने पार्टी कार्यालय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुणाल घोष उनके छोटे भाई जैसे हैं और अपनी बात रखना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इस मंच की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।

कार्यक्रम का एक भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब समारोह समाप्त होने के बाद कुणाल घोष ने वाममोर्चा चेयरमैन विमान बोस के पैर छूकर प्रणाम किया। विमान बोस सामान्यतः किसी का प्रणाम स्वीकार नहीं करते हैं, लेकिन उन्होंने कुणाल घोष का प्रणाम स्वीकार किया। बाद में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अचानक कुणाल ने प्रणाम कर दिया, अब ऐसे में क्या किया जा सकता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा