home page

कुल्टी में जल संकट गहराया, 12 नंबर लोको लाइन में छह दिन से नल सूखे

 | 
कुल्टी में जल संकट गहराया, 12 नंबर लोको लाइन में छह दिन से नल सूखे


पश्चिम बर्दवान, 09 सितंबर (हि.स.)।

कुल्टी क्षेत्र में जल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। 12 नंबर लोको लाइन और आसपास के इलाकों में पिछले पांच-छह दिनों से नल से पानी की आपूर्ति बंद रहने से लोगों में भारी नाराजगी है। पानी की समस्या से परेशान सैकड़ों महिलाओं ने बुधवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। इससे इलाके में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई दिनों से नलों में पानी नहीं आने के कारण पीने के पानी से लेकर खाना बनाने, नहाने और अन्य घरेलू जरूरतों तक के लिए लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को दूर-दराज से पानी लाकर किसी तरह काम चलाना पड़ रहा है।

जल संकट का असर इलाके के प्राथमिक विद्यालय पर भी पड़ा है। विद्यालय में पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों और शिक्षकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह समस्या नई नहीं है। उनके मुताबिक, पिछले तीन-चार वर्षों से सेल की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित है और पाइपलाइन में तकनीकी खराबी के कारण समय-समय पर इलाके में पानी की समस्या उत्पन्न होती रहती है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन, रेलवे और सेल प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर जलापूर्ति बहाल करने और पाइपलाइन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं, बल्कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर इलाके में पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर पूरे कुल्टी क्षेत्र में सड़क जाम किया जाएगा।

लगातार कई दिनों से जारी जल संकट के बीच अब लोगों की नजर प्रशासन, रेलवे और सेल प्रबंधन की कार्रवाई पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा