संशोधित : कुल्टी में हिंसा, बमबाजी और फायरिंग से दहला इलाका
(हेडिंग में संशोधन के साथ पुनः जारी)
आसनसोल, 04 मार्च (हि. स.)।
होली के पावन अवसर पर एक बार फिर आसनसोल स्थित कुल्टी क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। कुल्टी के वार्ड संख्या 68 अंतर्गत करीम डंगाल इलाके में बमबाजी, कथित गोलीबारी और पत्थरबाजी की घटना से पूरा इलाका दहल उठा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके की एक मस्जिद के बाहर कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर हंगामा और तोड़फोड़ की जा रही थी। मस्जिद के बाहर रखे डस्टबिन को क्षतिग्रस्त किए जाने का भी आरोप है। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और बम के धमाकों, पत्थरबाजी तथा कथित फायरिंग से क्षेत्र में अफ़रा-तफ़री मच गई। घटना की सूचना पाकर कुल्टी और बराकर थाना से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में हाल ही में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया समाप्त हुई है और जल्द ही विधानसभा चुनाव की घोषणा होने की संभावना है। चुनाव के मद्देनजर राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है, जो विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रूट मार्च कर रहे हैं। ऐसे समय में इस प्रकार की घटना ने चुनाव पूर्व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार

