काली पूजा और छठ पूजा को लेकर कुल्टी में शांति समिति की बैठक
आसनसोल, 02 नवंबर (हि. स.)। काली पूजा और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (कुल्टी) सोमनाथ साहा ने की। इस दौरान कुल्टी थाना के इंस्पेक्टर इंचार्ज अशोक सिन्हा महापात्र, नियामतपुर पुलिस चौकी प्रभारी उत्पल घोषाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि, व्यवसायी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में कुल 124 काली पूजा समितियां और 14 छठ पूजा समितियां हैं। बैठक में सभी पूजा आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। जिन काली पूजा समितियों ने अभी तक सरकारी अनुमति नहीं ली है, उन्हें जल्द से जल्द आवश्यक अनुमति प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि बिना अनुमति के आकाश में लालटेन (फानूस) उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। केवल ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अनुमति होगी। इसके अलावा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। विसर्जन जुलूस में कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में शामिल न हो, इस पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। काली पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाले मेलों में झूला लगाने पर भी प्रतिबंध की जानकारी दी गई।
वहीं, छठ पूजा को लेकर विभिन्न घाटों की साफ-सफाई, आवागमन के रास्तों, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि रविवार को प्रशासन की एक टीम नियामतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के सभी छठ घाटों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लेगी।
बैठक में प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें, ताकि काली पूजा और छठ पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का माहौल बना रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

