कुल्टी में नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद
पश्चिम बर्दवान, 02 जून (हि. स.)। आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र स्थित बड़िरा (बोडरा) कब्रिस्तान के पास नाले से मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने नाले में शव पड़ा देख कुल्टी थाना पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन, कुल्टी थाना के प्रभारी अशोक सिन्हा महापात्र समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसकी उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

