बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
आसनसोल, 11 नवंबर (हि. स.)। कुल्टी थाना अंतर्गत संकतोड़िया चौकी की पुलिस ने बाइक चोरी के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान बिक्की नुनिया, कंचन मोदक और शुभम साव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर गंगोटिया रोड के पास जंगल में एक नाले के अंदर छिपाकर रखी गई चोरी की बाइक भी बरामद की है। बरामद बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर WB 38 PC 6271 है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में पिछले चार से पांच महीनों के दौरान विभिन्न इलाकों में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बाइक चोरी की शिकायत मिलने के बाद संकतोड़िया चौकी की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ जांच शुरू की थी। इसी जांच के क्रम में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपितों ने चोरी की बाइक को गंगोटिया रोड के पास जंगल में एक नाले के अंदर छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर बाइक बरामद कर ली।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को सात दिनों की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इस दौरान बाइक चोरी के अलावा पिछले चार-पांच महीनों में विभिन्न इलाकों में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता सामने आने की बात कही जा रही है। पूछताछ में घरों में घुसकर चोरी करने और संकतोड़िया इलाके में हुई कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी भी मिली है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों में कंचन मोदक के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पुराने मामलों और पूछताछ में मिली जानकारियों का मिलान कर रही है, ताकि अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।
संकतोड़िया चौकी के प्रभारी अधिकारी विनय दास के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। तीन आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी की बाइक बरामद होने के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तथा चोरी के दूसरे सामानों की बरामदगी में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

