कुल्टी में अवैध लोहा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार
पश्चिम बर्दवान, 28 जुलाई (हि. स.)। कुल्टी थाना की नियामतपुर पुलिस चौकी की टीम ने राधानगर क्षेत्र में संचालित एक कथित अवैध लोहा कटाई फैक्ट्री पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने लगभग चार हजार किलोग्राम सरिया, एक गैस कटर मशीन, एक वेट मशीन तथा कटाई में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री का संचालन कथित रूप से बबलू साव कर रहा था। छापेमारी के दौरान मौके पर काम कर रहे जय कुमार और रवि दास को गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को उसे आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपित से पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस हिरासत की मांग की है।
पुलिस मामले की जुटी है। शुरुआती जांच में एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। छापेमारी की सूचना पाकर संचालक बबलू साव मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
कुल्टी-नियामतपुर औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लोहा कटाई और चोरी के लोहे के कारोबार की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण के कारण वर्षों तक इस अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध लोहा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

