कुल्टी में विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार की जनसुनवाई, जन समस्याएं सुनकर दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
पश्चिम बर्दवान, 15 जुलाई (हि. स.)। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के एलसी मोड़, हनुमानचढ़ाई इलाके में स्थित विधायक कार्यालय में बुधवार को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने क्षेत्र के बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव गंभीरता से सुना।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे विधायक के समक्ष रखे। डॉ. पोद्दार ने सभी शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और जनसेवा उनके सार्वजनिक जीवन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की समस्या का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा क्षेत्र के विकास और लोगों के कल्याण के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कुल्टी विधानसभा के प्रत्येक नागरिक के लिए विधायक कार्यालय हमेशा खुला है और भविष्य में भी नियमित रूप से जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास जारी रहेगा। साथ ही बुधवार को अपने चेंबर में विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच पर सेवा प्रदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

