home page

कुल्टी में ठेका मजदूरों के अधिकारों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 

पश्चिम बर्दवान, 30 अगस्त (हि. स.)। सेल ग्रोथ वर्क्स में कार्यरत ठेका श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने आवाज बुलंद की है। कांग्रेस नेता राजेश्वर शर्मा ने श्रमिकों को उचित वेतन, पीएफ, ईएसआई और मेडिकल सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए प्रबंधन से उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

राजेश्वर शर्मा ने कहा कि ग्रोथ वर्क्स में कार्यरत ठेका श्रमिकों से दिन-रात मेहनत कराई जाती है, लेकिन उन्हें उनके अधिकारों के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने प्रत्येक ठेका श्रमिक के लिए न्यूनतम 26 हजार रुपये मासिक वेतन की मांग की। साथ ही उन्होंने ठेका श्रमिकों को पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने तथा कार्यस्थल पर पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सरकार द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने जल्द ही श्रमिकों की समस्याओं और मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो इंटक के बैनर तले बड़ा आंदोलन किया जाएगा।श्रमिकों के अधिकारों और उनके रोजगार की सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कांग्रेस मजदूरों के हितों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।

इस चेतावनी के बाद कुल्टी के औद्योगिक क्षेत्र में ठेका श्रमिकों के मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा