कुल्टी में शटर तोड़ ज्वेलरी दुकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी हार्ड डिस्क भी ले गए बदमाश
पश्चिम बर्दवान, 23 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत संकतोड़िया में बुधवार देर रात एक दुसाहसिक चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। ईसीएल मुख्यालय के सामने स्थित एक ज्वेलरी दुकान और उसी भवन में संचालित एक होटल को बदमाशों ने निशाना बनाया। गुरुवार सुबह घटना का पता चलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि वारदात किसी संगठित और सुनियोजित गिरोह ने अंजाम दी है।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का रुख दूसरी ओर घुमा दिया। इसके बाद दुकान के सामने तिरपाल लगाकर शटर तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। चोर दुकान से लगभग पांच किलोग्राम चांदी, 30 से 40 ग्राम सोना तथा करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। जाते-जाते वे दुकान का सीसीटीवी डीवीआर (हार्ड डिस्क) भी अपने साथ ले गए, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें।
इसी इमारत में स्थित एक होटल का ताला भी तोड़ दिया गया और वहां से रसोई में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न बर्तन चोरी कर लिए गए।
ज्वेलरी दुकान के मालिक दिनेश साव ने बताया कि गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों से उन्हें चोरी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान के सामने तिरपाल लगा हुआ था, शटर टूटा हुआ था और दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन बदमाश डीवीआर भी साथ ले गए। उन्होंने तुरंत संकतोड़िया पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान मालिक की लिखित शिकायत भी दर्ज कर ली है।
ईसीएल मुख्यालय के सामने हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

