नदी से बरामद हुआ स्कूटी समेत डूबे युवक का शव, इलाके में सनसनी
पश्चिम बर्दवान, 19 अगस्त (हि. स.)। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान स्कूटी समेत नदी में बह गए युवक आमिर गियास का शव दो दिन बाद बुधवार सुबह बरामद किया गया। शव कुल्टी थाना क्षेत्र के सीतारामपुर मास्टरपाड़ा के समीप भुड़भुड़िया नदी के किनारे मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त की रात काम खत्म कर घर लौट रहे आमिर गियास नियामतपुर-एथोड़ा रोड पर जहरगढ़ ब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के कारण नदी में पानी का बहाव काफी बढ़ा हुआ था। पानी के तेज बहाव में वह स्कूटी समेत नदी में बह गए। घटना की जानकारी उनके साथ मौजूद राजीव पासवान ने दी। इसके बाद मंगलवार सुबह से कुल्टी थाने की पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। बाद में आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्पीड बोट की मदद से नदी में कई घंटों तक खोजबीन की, लेकिन मंगलवार रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने भुड़भुड़िया नदी के किनारे युवक का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है।
हालांकि, युवक के साथ नदी में बही स्कूटी का अब तक पता नहीं चल पाया है। कुल्टी थाना पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार और स्थानीय लोगों ने घटना की जांच की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

