कुल्टी में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, अभिभावकों से बच्चों पर नजर रखने की अपील
पश्चिम बर्दवान, 21 अगस्त (हि. स.)। कुल्टी में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से विशेष नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश और कुल्टी पुलिस की पहल पर आयोजित इस अभियान के दौरान स्थानीय लोगों से मादक पदार्थों और नशे से दूर रहने की अपील की गई।
पुलिस ने लोगों को बताया कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित हो सकता है। खासकर बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार और समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों, संगत और दिनचर्या पर ध्यान देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बच्चों के साथ खुलकर बातचीत करना और उनकी समस्याओं को समझना बेहद जरूरी है। नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों के प्रति केवल नकारात्मक रवैया अपनाने के बजाय उन्हें सही मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए। समय रहते मदद मिलने से व्यक्ति को नशे से बाहर आने में सहायता मिल सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने की जिम्मेदारी केवल पुलिस और प्रशासन की नहीं है। परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को भी मिलकर इस दिशा में काम करना होगा। युवाओं को शिक्षा, खेल, रोजगार और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
कुल्टी में चलाए गए इस जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। पुलिस का संदेश था कि यदि जागरूकता की शुरुआत परिवार से हो और समाज मिलकर नशे का मुकाबला करे, तो आने वाली पीढ़ी को इस बुराई से बचाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

