कुल्टी में रेलवे की जमीन पर फिर चला बुलडोजर
पश्चिम बर्दवान, 30 मई (हि.स.)।
पश्चिम बर्दवान जिले के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 66 स्थित बलतोड़िया गांव के समीप रेलवे की जमीन पर शनिवार सुबह एक बार फिर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। रेलवे प्रशासन बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और कथित अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, रेलवे की भूमि पर लंबे समय से कुछ स्थानीय परिवार रह रहे थे और उन्होंने वहां मकान भी बना लिए थे। रेलवे अधिकारियों ने कई बार नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया था, लेकिन निवासी वहां से नहीं हटे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले कुल्टी के विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने रेलवे प्रशासन से बातचीत कर अतिक्रमण अभियान को अस्थायी रूप से रुकवा दिया था। हालांकि चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद रेलवे ने दोबारा कार्रवाई शुरू कर दी और कई मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
इस बीच शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई थी कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था होने तक अतिक्रमण हटाओ अभियान पर रोक लगाई जाए। लेकिन इसके 24 घंटे के भीतर ही रेलवे प्रशासन ने फिर से अभियान शुरू कर दिया।
शनिवार की कार्रवाई के दौरान रेलवे अधिकारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे पुलिस भी मौजूद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित परिवारों का आरोप है कि वैकल्पिक पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना उनके घरों को तोड़ दिया गया, जिससे वे भारी संकट में पड़ गए हैं। वहीं रेलवे प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नियमों के तहत यह कार्रवाई की जा रही है और अवैध कब्जों को हटाना आवश्यक है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। पुनर्वास और अतिक्रमण हटाने के मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलकों में भी बहस तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

