ड्यूटी पर तैनात जवान की हार्ट अटैक से मौत
मेदिनीपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)।पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियाड़ी ब्लॉक के कुलबनी गांव के रहने वाले सेना के जवान हवलदार मृणाल कांति घोष (31) का हृदयाघात से निधन हो गया। बताया गया है कि वह सिक्किम के जीरो प्वाइंट स्थित 417 फील्ड हॉस्पिटल के रेडियोलॉजी (एक्स-रे) विभाग में तैनात थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे वह सोने गए थे। इसी दौरान नींद में ही उन्हें अचानक हृदयाघात हुआ, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। जवान की अचानक मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार के साथ-साथ पूरे कुलबनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के परिजनों ने खबर कि पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि शनिवार, 04 अप्रैल को उनके पैतृक गांव कुलबनी में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। देश की सेवा में लगे एक युवा जवान की इस असामयिक मृत्यु को क्षेत्र के लोगों ने अपूरणीय क्षति बताया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

