केएसडीसी ने छह सीटों पर उम्मीदवार उतारे
दक्षिण दिनाजपुर, 26 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव- 2026 से पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया मोड़ आया है। क्षेत्रीय संगठन कामतापुर राज्य मांग परिषद (केएसडीसी) ने जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
गंगारामपुर में गुरुवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में संगठन के जिलाध्यक्ष रुबेल सरकार ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। पार्टी ने कुशमंडी, कुमारगंज, बालुरघाट, तपन, गंगारामपुर और हरिरामपुर सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे है।
उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही केएसडीसी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला।
संगठन का आरोप है कि केंद्र सरकार के साथ हुए कई समझौते अब तक लागू नहीं किए गए है। इस मुद्दे पर केएसडीसी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आगामी चुनाव में उत्तर बंगाल में भाजपा को कड़ी चुनौती दी जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस कदम से उत्तर बंगाल में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है, जहां पहले से ही प्रमुख दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

