कृष्णानगर में मतदाताओं के आकर्षण का केंद्र बना 'मॉडल बूथ'
आसनसोल, 29 अप्रैल (हि.स.)।
नदिया जिले के कृष्णनगर में विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान मतदाताओं के लिए एक अनोखा और आकर्षक मॉडल बूथ बनाया गया है, जो इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। इस विशेष बूथ में प्रवेश करते ही मतदाताओं को ऐसा एहसास हो रहा है मानो वे अपने ही घर में आ गए हों।
चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन की पहल पर तैयार किए गए इस मॉडल बूथ को पूरी तरह घर जैसी थीम पर सजाया गया है। बूथ के अंदर सुंदर परदे, सोफा सेट, फूलों की सजावट, दीवारों पर पेंटिंग, साफ-सुथरा कालीन और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की गई है। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा भी रखी गई है।
मतदान केंद्र के बाहर से लेकर अंदर तक रंग-बिरंगी सजावट, सेल्फी प्वाइंट और जागरूकता संदेश लिखे गए हैं ताकि लोग मतदान के प्रति आकर्षित हों। पहली बार वोट देने पहुंचे युवाओं में इस मॉडल बूथ को लेकर खास उत्साह देखा गया।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि इस तरह के मॉडल बूथ बनाने का उद्देश्य सिर्फ मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाना नहीं, बल्कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना भी है। कई मतदाताओं ने बूथ के अंदर तस्वीरें खिंचवाईं और सोशल मीडिया पर शेयर भी किया।
एक महिला मतदाता ने कहा, “इतना सुंदर बूथ हमने पहले कभी नहीं देखा। ऐसा लग रहा है जैसे किसी ड्राइंग रूम में बैठकर वोट देने आए हैं।”
एक बुजुर्ग मतदाता ने कहा, “व्यवस्था बहुत अच्छी है, लाइन में ज्यादा देर नहीं लग रही और आराम से वोट दे पा रहे हैं।”
कृष्णानगर समेत पूरे नदिया जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय बल, राज्य पुलिस और क्यूआरटी टीम संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रही है। चुनाव आयोग की ओर से सीसीटीवी और वेबकास्टिंग के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

