कोलकाता पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारियों और अतिरिक्त प्रभारियों का तबादला
कोलकाता, 15 जून (हि.स.)। कोलकाता पुलिस ने प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत शहर के कई थानों के प्रभारी अधिकारियों और अतिरिक्त प्रभारी अधिकारियों का तबादला किया है। सोमवार को एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस बल की विभिन्न इकाइयों में कार्यकुशलता बढ़ाने और संसाधनों के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
प्रगति मैदान थाने के प्रभारी अधिकारी रामचंद्रन विनोद कुमार को विशेष शाखा में स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह बड़ाबाजार थाने के अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी बाबाई भट्टाचार्य को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नारकेलडांगा थाने के प्रभारी अधिकारी मनोज बिस्वास को भी विशेष शाखा में भेजा गया है। उनके स्थान पर वाटगंज थाने के अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी शुभंकर सरकार को नियुक्त किया गया है।
ठाकुरपुकुर थाने के प्रभारी अधिकारी राजीब साहू का तबादला जासूसी विभाग में किया गया है। उनकी जगह यातायात विभाग में कार्यरत अधिकारी सुखेंदु कुमार चैल को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजाबागान थाने के अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी सिलास टोप्पो को तारातला थाने का नया प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
प्रगति मैदान थाने के अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी पार्थप्रतिम चक्रवर्ती को प्रवर्तन शाखा में स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह एससीओ शाखा में तैनात सनत चटर्जी को नियुक्त किया गया है।
जासूसी विभाग के कई अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सुशोवन पैक को राजाबागान थाने का अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी बनाया गया है, जबकि श्रीमोनकल्याण बसु और फहाद सोहेल को क्रमशः वाटगंज और नारकेलडांगा थानों में अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।
नारकेलडांगा थाने के अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी बंधुचरण पाल का तबादला बड़ाबाजार थाने में अतिरिक्त प्रभारी अधिकारी के पद पर किया गया है।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि तैनातियों की समय-समय पर समीक्षा की जाती है ताकि उपलब्ध जनशक्ति का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और विभिन्न इकाइयों की परिचालन आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
अधिकारी के अनुसार, इस फेरबदल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर निगरानी को मजबूत करना तथा पुलिस बल की विभिन्न शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशासनिक बदलाव पुलिस व्यवस्था का नियमित हिस्सा होते हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

