विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता पुलिस ने बनाया विशेष चुनाव प्रकोष्ठ, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल
कोलकाता, 18 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद के निर्देश पर विशेष चुनाव प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।
बुधवार को जारी निर्देश के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रथम) देवेंद्र प्रकाश सिंह को कोलकाता पुलिस के चुनाव प्रकोष्ठ की समग्र जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह जिम्मेदारी पहले जारी आदेश में आंशिक संशोधन के बाद तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, लालबाजार मुख्यालय ने देवेंद्र प्रकाश सिंह की सहायता के लिए एक विशेष टीम भी गठित की है।
इस टीम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (चतुर्थ) संतोष पांडे, संयुक्त पुलिस आयुक्त (संगठन) अजय प्रसाद, पुलिस उपायुक्त (साइबर) अभिषेक मोदी, कोलकाता पुलिस की द्वितीय बटालियन के पुलिस उपायुक्त अनिर्बान सरकार तथा खुफिया विभाग की विशेष शाखा के पुलिस उपायुक्त विदित राज भुंडेश शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह टीम चुनाव से पहले शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर नजर बढ़ाना, विशेष रूप से साइबर निगरानी और खुफिया तंत्र को सक्रिय करना है। बुधवार को जारी निर्देश के बाद कोलकाता पुलिस की विभिन्न शाखाओं ने इस दिशा में काम भी शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य पुलिस के शीर्ष प्रशासनिक पदों पर बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। सुप्रतीम सरकार को कोलकाता पुलिस आयुक्त पद से हटाकर उनकी जगह अजय कुमार नंद को नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा विभिन्न जिलों में 13 पुलिस अधीक्षकों का तबादला किया गया है। वहीं चुनाव आयोग ने भी अलग-अलग क्षेत्रों के पांच पुलिस उप महानिरीक्षकों का स्थानांतरण किया है।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

