कोन्नगर में शराब, जुआ और बेटिंग के खिलाफ जागरूकता अभियान, भाजपा नेत्री कृष्णा भट्टाचार्य ने दिया सामाजिक संदेश
हुगली, 02 नवंबर (हि.स.)। रविवार रात कोन्नगर के 19 नंबर वार्ड अंतर्गत कोतरंग दो नंबर बाजार और आसपास के विवेकानंद बाजार इलाके में शराब, जुआ और बेटिंग जैसी गतिविधियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान हैंड माइक लेकर प्रदेश भाजपा नेत्री कृष्णा भट्टाचार्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ इलाके में घूम घूम कर जागरुकता का संदेश देती नजर आईं।
उन्होंने कहा कि इलाके में अवैध शराब और जुए के अड्डों को तत्काल बंद करना होगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि इलाके में कहीं भी अवैध शराब या जुए के अड्डे चल रहे हों, तो निडर होकर लोग पुलिस या भाजपा कार्यकर्ताओं को सूचित करें।
इस अभियान के माध्यम से कृष्णा भट्टाचार्य ने युवाओं को नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने क्षेत्र में शांति, अनुशासन और स्वस्थ सामाजिक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से लोगों को जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे और जुए जैसी गतिविधियों से बचाना तथा समाज में सकारात्मक माहौल कायम रखना बताया गया। बहरहाल, भाजपा नेत्री द्वारा चलाया गया यह अभियान इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

