तारातला शेड हादसे में लापता रानीगंज के नवीन सिंह, परिवार में चिंता और इंतजार
पश्चिम बर्दवान, 26 जून (हि.स.)।
कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन वेयरहाउस गोदाम का शेड गिरने से हुए भीषण हादसे में अब तक 10 से अधिक मजदूरों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं कई श्रमिक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इन्हीं में पश्चिम बर्दवान जिले के रानीगंज स्थित लायकबाजार, लायक बांध 3 नंबर धावड़ा निवासी नवीन सिंह भी शामिल हैं।
परिवार को आशंका है कि नवीन सिंह हादसे के दौरान मलबे के नीचे दब गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उनकी पत्नी नेहा देवी पति की तलाश में कोलकाता के लिए रवाना हो गईं। उनके साथ बड़ा बेटा प्रिंस सिंह भी गया है, जो दसवीं कक्षा का छात्र है।
परिवार के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे नवीन सिंह की पत्नी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उन्होंने बताया था कि वह काम में व्यस्त हैं और बाद में बात करेंगे। इसके बाद उनसे दोबारा संपर्क नहीं हो सका। दोपहर करीब 1 बजे ठेकेदार की ओर से हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में चिंता बढ़ गई। उसी दिन दोपहर करीब ढाई बजे पत्नी और बड़ा बेटा कोलकाता के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार सुबह तक भी नवीन सिंह का कोई पता नहीं चल पाया।
रानीगंज स्थित घर पर उनकी मंझली बेटी कोमल कुमार, जो सातवीं कक्षा की छात्रा है, और छोटा बेटा आर्यन सिंह मौजूद हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के लापता होने से पूरे परिवार पर चिंता और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
परिजनों ने बताया कि नवीन सिंह किशोरावस्था से ही निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे। वह ठेकेदार के अधीन कोलकाता के तारातला स्थित निर्माणाधीन परिसर में काम कर रहे थे। करीब 15 दिन पहले वह आखिरी बार घर आए थे और एक सप्ताह परिवार के साथ बिताने के बाद दोबारा काम पर लौट गए थे।
परिवार ने यह भी बताया कि नवीन सिंह के हाथ पर उनके नाम का टैटू बना हुआ है, जिससे पहचान करने में मदद मिल सकती है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलने के बाद रानीगंज के लायकबाजार इलाके में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग और पड़ोसी नवीन सिंह के जल्द सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार की सिर्फ एक ही मांग है -जल्द से जल्द नवीन सिंह का पता चले, ताकि इस परिवार को फिर से उम्मीद मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

