home page

आंधी-बारिश से कोलकाता में जनजीवन प्रभावित, कई जिलों में अलर्ट

 | 
आंधी-बारिश से कोलकाता में जनजीवन प्रभावित, कई जिलों में अलर्ट


कोलकाता, 28 मार्च (हि.स.)। शुक्रवार रात को कोलकाता और आसपास के इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण सड़कों पर पेड़ गिर गए और कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। प्रशासन ने आधी रात के बाद कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया था।

खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विमान भी समय पर कोलकाता हवाईअड्डे पर उतर नहीं सका। विमान करीब 55 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाता रहा और अंततः रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर कोलकाता में सुरक्षित लैंडिंग हुई।

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट के अलीपुर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को भी शहर में कालबैसाखी जैसी स्थिति बन सकती है। बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और नदिया जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। उत्तर 24 परगना, नदिया और हुगली के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी शनिवार को बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, गांगेय पश्चिम बंगाल और पड़ोसी बांग्लादेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसकी ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) फैली हुई है। इसी कारण वे ऑफ बंगाल से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है, जिससे बारिश के अनुकूल हालात बने हैं।

शनिवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम है, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस था।

मौसम विभाग ने उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में शनिवार तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह भी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता