दक्षिण बंगाल के कई जिलों में झमाझम वर्षा, भीषण गर्मी और उमस से राहत
कोलकाता, 29 मई (हि. स.)। भीषण गर्मी और उमस के बीच शुक्रवार दोपहर कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी और बिजली चमक के साथ तेज बारिश के बाद लोगों को राहत मिली है।
अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाली बारिश हुई। केवल कोलकाता ही नहीं, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, बर्धमान समेत कई जिलों में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्व और बर्धमान, हुगली, हावड़ा, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी की गई है। इन इलाकों में तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से खराब मौसम के दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है। वहीं मछुआरों को पहले ही समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

