home page

कोलकाता में रेलवे ट्रैक का हिस्सा धंसा, सियालदह दक्षिण शाखा में मचा हड़कंप

 | 
कोलकाता में रेलवे ट्रैक का हिस्सा धंसा, सियालदह दक्षिण शाखा में मचा हड़कंप


कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। महानगर कोलकाता में सियालदह दक्षिण शाखा के रेलवे परिसर में मंगलवार सुबह अचानक रेल लाइन का एक हिस्सा धंसने से हड़कंप मच गया। रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी आगे एक पुराने निकासी नाले के ढह जाने के कारण उसके ऊपर से गुजर रही रेलवे लाइन का एक हिस्सा नीचे बैठ गया। इस घटना में रेल लाइन के नीचे से गुजरने वाली पानी की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने के बाद कुछ दूरी पर एक काफी पुराना निकासी नाला मौजूद है। मंगलवार सुबह अचानक नाले का एक हिस्सा धंसकर नीचे गिर गया। इसके परिणामस्वरूप नाले के ठीक ऊपर से गुजर रही रेल पटरी का एक हिस्सा भी अपनी जगह से नीचे बैठ गया। घटना के बाद रेलवे परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों के सामने रेल लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती खड़ी हो गई।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, जिस हिस्से में धंसाव हुआ है, वह मुख्य रेल लाइन नहीं, बल्कि लूप लाइन है। इसी वजह से फिलहाल यात्री ट्रेनों के परिचालन पर इसका कोई प्रत्यक्ष प्रभाव नहीं पड़ा है। सियालदह दक्षिण शाखा में ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने की सूचना नहीं है।

इस घटना में रेल पटरी के साथ नीचे से गुजरने वाली जलापूर्ति पाइपलाइन को भी नुकसान पहुंचा है। इससे रेलवे परिसर में आधारभूत संरचना की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुराना निकासी नाला धंसने के कारण रेलवे ट्रैक के नीचे की जमीन कमजोर होने की बात सामने आई है।

राहत की बात यह है कि प्रभावित हिस्सा लूप लाइन होने के कारण यात्री ट्रेन सेवाएं बाधित नहीं हुई हैं। रेलवे की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा