home page

कालीपूजा में रातभर घूमकर करें प्रतिमा दर्शन, चलेंगी छह जोड़ी विशेष लोकल ट्रेनें

 | 
कालीपूजा में रातभर घूमकर करें प्रतिमा दर्शन, चलेंगी छह जोड़ी विशेष लोकल ट्रेनें


कोलकाता, 03 नवंबर (हि. स.)। दुर्गापूजा के बाद अब कालीपूजा और दीपावली पर भी श्रद्धालुओं को रातभर प्रतिमा दर्शन की सुविधा देने के लिए पूर्व रेलवे ने विशेष पहल की है। देर रात तक विभिन्न पूजा पंडालों में घूमने के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए सियालदह मंडल में अतिरिक्त रात्रिकालीन ईएमयू स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे ने आठ से 11 नवंबर तक कुल छह जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें सियालदह, डानकुनी, बारासात, बनगांव, हासनाबाद, रानाघाट और बैरकपुर के बीच चलेंगी।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, कालीपूजा और दीपावली के दौरान शहर तथा उपनगरों के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। बड़ी संख्या में लोग देर रात तक प्रतिमा दर्शन करते हैं। ऐसे में उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से घर पहुंचाने के उद्देश्य से अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। विशेष ट्रेनें अपने मार्ग के सभी स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे छोटे स्टेशनों के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

ट्रेन संख्या 03161 सियालदह से रात 11 बजे रवाना होकर 11 बजकर 42 मिनट पर डानकुनी पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03163 सियालदह से रात 12 बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर रात एक बजकर 35 मिनट पर बारासात पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03165 बारासात से रात एक बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर सुबह तीन बजे बनगांव पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03167 बारासात से रात एक बजकर 10 मिनट पर रवाना होकर रात दो बजकर 36 मिनट पर हासनाबाद पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03169 सियालदह से रात 12 बजकर 40 मिनट पर रवाना होकर रात दो बजकर 30 मिनट पर रानाघाट पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 03171 बैरकपुर से रात एक बजकर 25 मिनट पर रवाना होकर रात दो बजकर 10 मिनट पर सियालदह पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 03162 डानकुनी से रात 11 बजकर 55 मिनट पर रवाना होकर रात 12 बजकर 37 मिनट पर सियालदह पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03164 बारासात से रात एक बजकर 10 मिनट पर रवाना होकर रात एक बजकर 55 मिनट पर सियालदह पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03166 बनगांव से रात 11 बजे रवाना होकर रात 12 बजकर 10 मिनट पर बारासात पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03168 हासनाबाद से रात 11 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर रात 12 बजकर 56 मिनट पर बारासात पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03170 रानाघाट से रात 11 बजकर 45 मिनट पर रवाना होकर रात एक बजकर 40 मिनट पर सियालदह पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 03172 सियालदह से रात 12 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर रात एक बजकर 15 मिनट पर बैरकपुर पहुंचेगी।

त्योहारी रातों में अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए भी रेलवे ने तैयारी की है। सियालदह उत्तर, रानाघाट और बारासात में चालक दल के साथ एक-एक ईएमयू रैक अतिरिक्त रूप से तैयार रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन रैकों का इस्तेमाल कर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। इससे यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के बावजूद रेल सेवा सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।

कालीपूजा के दौरान नैहाटी जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। आठ से 13 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर दो बजे से रात 12 बजे तक प्लेटफॉर्म संख्या एक से किसी ट्रेन का परिचालन नहीं होगा। इस अवधि में संबंधित सभी ट्रेनें प्लेटफॉर्म संख्या पांच और छः से चलाई जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद प्लेटफॉर्म की बदली हुई व्यवस्था की जानकारी लेने की सलाह दी है।

इसके अलावा आठ नवंबर रविवार को एसी ईएमयू लोकल सहित सियालदह मंडल की सभी उपनगरीय ट्रेनें कार्यदिवस की समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी। सामान्यतः सोमवार से शनिवार तक चलने वाली सियालदह-कृष्णनगर सिटी-सियालदह एसी ईएमयू लोकल (ट्रेन संख्या 31845/31846) उस दिन ट्रेन संख्या 31847/31848 के स्थान पर चलाई जाएगी।

कुल मिलाकर कालीपूजा और दीपावली के दौरान देर रात तक प्रतिमा दर्शन करने वाले शहर और उपनगरों के लोगों के लिए रेलवे की यह व्यवस्था बड़ी राहत लेकर आई है। हालांकि, यात्रियों को यात्रा से पहले विशेष ट्रेनों के समय और नैहाटी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म में किए गए बदलाव का ध्यान रखने की जरूरत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा