ममता बनर्जी ने कालीघाट मिलन संघ की दुर्गापूजा का किया उद्घाटन
कोलकाता, 13 अक्टूबर (हि.स.)।
दिल्ली में आंदोलन और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी मंगलवार को दुर्गापूजा के उत्सव में शामिल हुईं। तृतीया की शाम उन्होंने अपने इलाके के कालीघाट मिलन संघ की दुर्गापूजा का उद्घाटन किया।
पिछले 15 वर्षों के दौरान दुर्गापूजा के समय ममता बनर्जी की भूमिका काफी सक्रिय रही है। मुख्यमंत्री रहते हुए वह कोलकाता के कई बड़े पूजा मंडपों का उद्घाटन करती थीं। शुरुआत में महालया के बाद पूजा मंडपों के उद्घाटन का सिलसिला शुरू होता था, लेकिन बाद में व्यस्त कार्यक्रमों के कारण उन्होंने महालया से पहले भी कई पूजा मंडपों का उद्घाटन करना शुरू कर दिया था।
हालांकि, इस वर्ष दुर्गापूजा के दौरान उनकी भूमिका पहले के वर्षों से अलग रही। शुक्रवार की रात विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए वह दिल्ली रवाना हुई थीं। महालया भी उन्होंने दिल्ली में ही बिताया। इस दौरान दिल्ली में हुए आंदोलन के सिलसिले में उनके रोके जाने की भी खबर सामने आई थी। इसके बाद मंगलवार को कोलकाता लौटने पर वह सीधे पूजा उद्घाटन के कार्यक्रम में नजर आईं।
कालीघाट मिलन संघ का पूजा मंडप ममता बनर्जी के गृह इलाके में स्थित है। यहां ममता पारंपरिक साड़ी पहनकर पहुंचीं और फीता काटकर पूजा का उद्घाटन किया। उनके इस कार्यक्रम के साथ ही दुर्गापूजा के दौरान उनकी सार्वजनिक सक्रियता भी चर्चा में आ गई है।
लेखनिया हैं की ममता बनर्जी द्वारा महालया से पहले पूजा मंडपों का उद्घाटन किए जानै को लेकर भाजपा की ओर से आपत्ति जताई गई थी। विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी इस मुद्दे पर ममता बनर्जी की आलोचना की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

