home page

सादे कपड़ों में कार्रवाई पर रोक, वर्दी में ही ड्यूटी करेंगे कोलकाता पुलिसकर्मी

 | 
सादे कपड़ों में कार्रवाई पर रोक, वर्दी में ही ड्यूटी करेंगे कोलकाता पुलिसकर्मी


कोलकाता, 27 मई (हि. स.)। तलाशी अभियान, गिरफ्तारी या अन्य सरकारी कामकाज के दौरान अब कोलकाता पुलिस के कर्मियों को सादे कपड़ों में जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें वर्दी पहनकर ही ड्यूटी करनी होगी। इस संबंध में पुलिस आयुक्त कार्यालय की ओर से नई निर्देशिका जारी की गई है। हालांकि, जिन मामलों में सामान्य कपड़ों में जाना जरूरी होगा, वहां पहले वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी।

पुलिस आयुक्त कार्यालय की ओर से 24 मई को जारी निर्देशिका में कहा गया है कि तलाशी अभियान, गिरफ्तारी या किसी सरकारी कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से वर्दी पहननी होगी। बिना वर्दी या सादे कपड़ों में जाना नियमों के खिलाफ माना जाएगा। यदि किसी विशेष परिस्थिति में सामान्य कपड़ों में जाना आवश्यक हो, तो उसके लिए पहले से उच्च अधिकारियों की मंजूरी लेनी होगी। साथ ही अभियान के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हालांकि, यह निर्देश स्पेशल टास्क फोर्स, डिटेक्टिव विभाग, साइबर शाखा, प्रवर्तन शाखा और अन्य विशेष इकाइयों के पुलिसकर्मियों पर लागू नहीं होगा।

निर्देशिका में वर्ष 1997 के चर्चित ‘डी.के. बसु बनाम पश्चिम बंगाल’ मामले में भारत का सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का भी उल्लेख किया गया है। उस फैसले में अदालत ने स्पष्ट किया था कि तलाशी, गिरफ्तारी या हिरासत के दौरान पुलिस को किस प्रकार आचरण करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर