नवान्न में सोमवार को होगी मंत्रिमंडल की पहली बैठक
कोलकाता, 10 मई (हि. स.)। राज्य की नई सरकार के गठन के बाद सोमवार को नवान्न सभा कक्ष में मंत्रिमंडल की पहली बैठक आयोजित होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। तैयारियों के मद्देनजर रविवार को राज्य पुलिस महानिदेशक, मनोज वर्मा, मनोज कुमार वर्मा तथा प्रवीण त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने नवान्न का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने नवान्न परिसर के भीतर और बाहर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। मुख्य प्रवेश द्वार, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग क्षेत्र, निगरानी व्यवस्था और आपातकालीन सुरक्षा इंतजामों को लेकर अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल की पहली बैठक को देखते हुए नवान्न और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी निगरानी को भी और मजबूत किया गया है। आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की जांच प्रक्रिया को भी सख्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि नई सरकार की यह पहली अहम बैठक होने के कारण प्रशासन किसी भी तरह की सुरक्षा चूक नहीं चाहता। इसी वजह से राज्य पुलिस, कोलकाता पुलिस और हावड़ा पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं।
नवान्न में सोमवार को होने वाली बैठक में नई सरकार की प्राथमिकताओं, विभागों के कामकाज और प्रशासनिक दिशा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

