home page

आपात ड्यूटी से पहले कनिष्ठ पुलिसकर्मियों को वीडियो से निर्देश देंगे वरिष्ठ अधिकारी

 | 
आपात ड्यूटी से पहले कनिष्ठ पुलिसकर्मियों को वीडियो से निर्देश देंगे वरिष्ठ अधिकारी


कोलकाता, 27 अगस्त (हि. स.)। आपातकालीन स्थिति और कानून-व्यवस्था से जुड़ी ड्यूटी के दौरान कनिष्ठ पुलिसकर्मियों में किसी तरह का भ्रम न रहे, इसके लिए कोलकाता पुलिस ने नई व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है। अब ऐसी ड्यूटी पर भेजे जाने से पहले वरिष्ठ अधिकारी कनिष्ठ पुलिसकर्मियों को वीडियो के माध्यम से आवश्यक निर्देश देंगे।

इस संबंध में कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय के. नंदा के कार्यालय से निर्देश जारी किया गया है। इसमें पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों को कहा गया है कि वे निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, सार्जेंट और अन्य कनिष्ठ पुलिसकर्मियों को आपातकालीन या कानून-व्यवस्था संबंधी ड्यूटी पर भेजने से पहले वीडियो के माध्यम से आवश्यक निर्देश दें।

अधिकारियों को ये वीडियो संबंधित व्हाट्सऐप समूहों में साझा करने होंगे। हालांकि, वीडियो की अवधि दो मिनट से अधिक नहीं होनी चाहिए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, लंबे वीडियो के कारण निर्देश स्पष्ट होने के बजाय पुलिसकर्मियों में और भ्रम पैदा हो सकता है। इसलिए अधिकारियों को संक्षिप्त और स्पष्ट तरीके से आवश्यक बातें बताने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर में जुलूस, बड़ी सभाओं या विरोध प्रदर्शन जैसे कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यक्रमों से पहले वरिष्ठ अधिकारी अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसकी जानकारी देते हैं। लेकिन कई बार ये निर्देश उपनिरीक्षक, सार्जेंट और अन्य कनिष्ठ कर्मचारियों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाते। इससे ड्यूटी के दौरान उनकी भूमिका और जिम्मेदारी को लेकर भ्रम की स्थिति बन जाती है।

इसी समस्या को दूर करने के लिए दो मिनट के वीडियो निर्देश की व्यवस्था शुरू की गई है। उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों को वीडियो साझा करने के साथ यह भी सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित कनिष्ठ पुलिसकर्मियों ने वीडियो देखा और निर्देशों को समझ लिया है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस व्यवस्था से आपात स्थिति या कानून-व्यवस्था से जुड़ी ड्यूटी के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से पता रहेगी। इससे पुलिसकर्मी किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए बेहतर तरीके से तैयार रह सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता