home page

कोलकाता पुलिस ने ममता और अभिषेक बनर्जी को किया ‘अनफॉलो’, एक्स अकाउंट में बड़ा बदलाव

 | 
कोलकाता पुलिस ने ममता और अभिषेक बनर्जी को किया ‘अनफॉलो’, एक्स अकाउंट में बड़ा बदलाव


कोलकाता, 09 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब कोलकाता पुलिस के आधिकारिक एक्स अकाउंट में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कोलकाता पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को ‘अनफॉलो’ कर दिया है।

फिलहाल कोलकाता पुलिस का आधिकारिक एक्स अकाउंट कुल 42 अकाउंट्स को फॉलो कर रहा है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गृह मंत्रालय के आधिकारिक अकाउंट शामिल हैं।

गौरतलब है कि चार मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे, जिसमें भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद शनिवार को ब्रिगेड मैदान में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसी राजनीतिक बदलाव के माहौल में कोलकाता पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट में यह परिवर्तन सामने आया।

दूसरी ओर, नौ मई दोपहर तक ममता बनर्जी के एक्स और फेसबुक प्रोफाइल पर उनकी पहचान अब भी “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री” के रूप में दिखाई दे रही थी।

चुनाव परिणाम आने के बाद ममता बनर्जी के आवास के बाहर की अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी हटा ली गई। पहले उनके घर की ओर जाने वाली सड़क पर कड़ी निगरानी रहती थी और आने-जाने वालों से पूछताछ की जाती थी। यहां तक कि स्थानीय निवासियों को भी पहचान पत्र साथ रखने को कहा जाता था। बाद में लालबाजार की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री के निवास पर अतिरिक्त सुरक्षा नहीं रहेगी, हालांकि प्रोटोकॉल के अनुसार उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर सुरक्षा मिलती रहेगी।

इसी तरह अभिषेक बनर्जी के कैमैक्स स्ट्रीट स्थित कार्यालय और शांतिनिकेतन स्थित आवास से भी पुलिस सुरक्षा और स्कैनर हटा लिए गए हैं। उनके आवास पर मौजूद सुरक्षा संबंधी सरकारी उपकरण भी वापस ले लिए गए।

अब कोलकाता पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ममता और अभिषेक बनर्जी को अनफॉलो किए जाने के बाद राज्य की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा