कोलकाता पुलिस में बनेगी नई आरएएफ बटालियन, 790 पदों के सृजन को मंजूरी
कोलकाता, 18 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता महानगर की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कोलकाता पुलिस में नई रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) बटालियन के गठन को नवान्न ने मंजूरी दे दी है। इस संबंध में राज्य के गृह विभाग की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। नई बटालियन के लिए कुल 790 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है। इनमें महिला और पुरुष मिलाकर करीब 500 कांस्टेबलों की नियुक्ति किए जाने की संभावना है।
इंस्पेक्टर से लेकर डीसीपी स्तर के अधिकारी होंगे शामिल
गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, नई बटालियन में कांस्टेबलों के अलावा विभिन्न पदों के पुलिस अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे। इसमें इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, एसपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। इसे कोलकाता पुलिस की मौजूदा आरएएफ व्यवस्था की तुलना में बेहतर बुनियादी ढांचे और आधुनिक कार्यक्षमता के साथ तैयार करने की योजना है।
अशांति और बड़े आयोजनों में संभालेगी मोर्चा
नई बटालियन की मुख्य जिम्मेदारी शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना होगा।
कहीं भी अशांति, हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में इस विशेष बल को तत्काल तैनात किया जा सकेगा। इसके अलावा बड़े त्योहारों, धार्मिक आयोजनों, रैलियों, जनसभाओं और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में दुर्गापूजा के दौरान चोरबागान के एक क्लब में भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद महानगर की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। ऐसे में कोलकाता पुलिस के लिए एक नई विशेष बटालियन गठित करने के फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस को आधुनिक और सक्षम बनाने पर जोर
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही मुख्यमंत्री एवं पुलिस मंत्री शुभेंदु अधिकारी पुलिस की कार्यक्षमता और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की बात कहते रहे हैं। उनका कहना है कि एक समय कोलकाता पुलिस अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुलिस फोर्स के रूप में जानी जाती थी, लेकिन पिछली सरकार के कार्यकाल में पुलिस की क्षमताओं का समुचित इस्तेमाल नहीं हुआ। उन्होंने कोलकाता पुलिस को देश की प्रमुख और आधुनिक पुलिस इकाइयों में शामिल करने तथा उसे आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
शहर में अब भी तैनात हैं केंद्रीय बल की 12 कंपनियां
विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बावजूद कोलकाता में अब भी केंद्रीय बल की 12 कंपनियां तैनात हैं। इन्हें शहर के विभिन्न पुलिस डिवीजनों में लगाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

