home page

वेब सीरीज ‘पंचायत’ के चर्चित सीन के जरिए बंगाल पुलिस चला रही साइबर जागरूकता अभियान

 | 

कोलकाता , 26 नवंबर (हि. स.)। साइबर ठगी और निजी जानकारियों के दुरुपयोग से लोगों को बचाने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस बार पुलिस ने लोगों को साइबर सुरक्षा का संदेश देने के लिए लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन के ट्रेलर का सहारा लिया है। वेब सीरीज के एक चर्चित दृश्य को इस्तेमाल करते हुए पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि अनजान लोगों के साथ अपनी निजी जानकारी साझा करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है। पुलिस का संदेश है, ‘जानकारी लीक, तो होगा सर्वनाश।’

दरअसल, वेब सीरीज ‘पंचायत’ के इस दृश्य में सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी अपना मोबाइल फोन गांव के नए प्रधान भूषण शर्मा उर्फ बनराकस को तस्वीर खींचने के लिए देते हैं। उस समय वहां क्रांति देवी शर्मा और विनोद भी मौजूद रहते हैं। तभी सचिव जी के मोबाइल पर रिंकी के व्हाट्सऐप से तीन लव साइन वाले संदेश आ जाते हैं। मोबाइल स्क्रीन पर इन संदेशों को देखकर भूषण और क्रांति देवी की प्रतिक्रिया और उनका चर्चित संवाद ‘बहुत अच्छा फोटो आया’ दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। इस घटना से सचिव जी और रिंकी के रिश्ते का राज खुलने की स्थिति बन जाती है।

इसी दृश्य को आधार बनाकर पुलिस ने साइबर सुरक्षा का संदेश दिया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा है कि अगर अपनी निजी जानकारी किसी गलत व्यक्ति के हाथों में पहुंच जाए, तो उसका नतीजा कितना नुकसानदायक हो सकता है। वीडियो के अंत में ‘पंचायत’ का टाइटल ट्रैक बजता है और स्क्रीन पर संदेश उभरता है, ‘जानकारी लीक, तो होगा सर्वनाश।’ इसके साथ अंग्रेजी में भी लोगों को अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से बताया है कि आज के डिजिटल दौर में मोबाइल फोन लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। स्मार्टफोन में व्यक्तिगत तस्वीरों, बैंक खातों की जानकारी, जरूरी दस्तावेजों से लेकर कई तरह की गोपनीय जानकारियां मौजूद रहती हैं। साइबर अपराधी इसी का फायदा उठाकर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। अनजान लिंक पर क्लिक करना, किसी के साथ ओटीपी साझा करना या बिना जांचे-परखे किसी एप को अनुमति देना भारी पड़ सकता है। एक छोटी सी लापरवाही से निजी जानकारियां साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती हैं और इसका इस्तेमाल आर्थिक धोखाधड़ी के साथ-साथ लोगों को ब्लैकमेल करने के लिए भी किया जा सकता है।

इसी खतरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मनोरंजन के लोकप्रिय माध्यम का इस्तेमाल कर लोगों तक गंभीर संदेश पहुंचाने की कोशिश की है। ‘पंचायत’ के मजेदार दृश्य के जरिए दिया गया यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस की अपील है कि लोग अपनी निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले पूरी सावधानी बरतें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा