home page

कोलकाता पुलिस के हर डिवीजन में बनेगा अपराध अभिलेख ब्यूरो, आयुक्त ने दिया निर्देश

 | 
कोलकाता पुलिस के हर डिवीजन में बनेगा अपराध अभिलेख ब्यूरो, आयुक्त ने दिया निर्देश


कोलकाता, 12 अगस्त (हि. स.)। पुलिस की डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए कोलकाता पुलिस के प्रत्येक डिवीजन में अब ‘डिविजनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो’ (डीसीआरबी) बनाया जाएगा। मंगलवार को कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने इस संबंध में निर्देश जारी किया।मुख्य रूप से ‘इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम’ (आईसीजेएस) के तहत पुलिस की डिजिटल व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

आईसीजेएस का मुख्य उद्देश्य पुलिस, अदालत, अभियोजन, फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला, चिकित्सा संस्थानों और सुधारगृहों के बीच डिजिटल माध्यम से सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वय को अधिक तेज तथा सटीक बनाना है। डीसीआरबी अपराध अभिलेख अनुभाग, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, कोलकाता पुलिस की अन्य इकाइयों और आपराधिक न्याय प्रणाली से नियमित संपर्क बनाए रखेगा। आवश्यकता पड़ने पर रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भी भेजी जाएगी।

प्रत्येक डीसीआरबी में उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और कांस्टेबल समेत करीब आठ पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इससे विभिन्न आपराधिक मामलों से जुड़े अभिलेखों और सूचनाओं के डिजिटल प्रबंधन तथा उनके आदान-प्रदान को अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता