home page

गोपाषटमी पर 150 स्थानों पर गौपूजा केंद्र बनाएगा कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी

 | 
गोपाषटमी पर 150 स्थानों पर गौपूजा केंद्र बनाएगा कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी


कोलकाता, 03 नवंबर (हि. स.)। 142 वर्षों से गौसेवा को समर्पित देश की प्राचीनतम संस्था कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी ने आगामी 17 नवंबर 2026 को गोपाष्टमी मेले का आयोजन में जन-जन को गौ सेवा और गोपूजा से जोड़ने का निर्णय लिया है। इसकी अग्रिम तैयारी की विवेचना के लिए कोलकाता के विवेकानन्द रोड स्थित हरियाणा भवन में आयोजित गौ-कार्यकर्ता सम्मेलन में कोलकाता तथा हावड़ा क्षेत्र के सैकड़ों गौभक्तों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया तथा सबने मिलकर इस वर्ष गोपाष्टमी पर्व पर कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना और इनसे लगे इलाकों में लगभग 150 गौ पूजन केंद्रों के आयोजन के प्रति अपना सहर्ष समर्थन प्रदान किया है।

सोसाइटी के अध्यक्ष रमेश कुमार सरावगी की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में महामंत्री महावीर प्रसाद बजाज, सभी केंद्र प्रभारीगण एवं असंख्य गोभक्तगणों के साथ ही पूज्य साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

सोसाइटी की ओर से बताया कि इन गौपूजन केंद्रों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है कि गोपाष्टमी के दिन कोई भी गोभक्त गोपूजन एवं गोदर्शन से वंचित ना रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महानगर में कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी वर्तमान में गौसेवा का एकमात्र पर्याय बन चुकी है।

पूज्य साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी जी ने आगामी 21 दिसंबर को होने वाली अभियान यात्रा में ज्यादा से ज्यादा गौभक्तों को सपरिवार उपस्थित रहने का आह्वान किया एवं गौपूजन केंद्रों के माध्यम से लाखों की संख्या में गौभक्तों के हस्ताक्षर एकत्रित करने पर जोर दिया। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने भी लाखों की तादाद में हस्ताक्षर एकत्रित करने का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप