home page

कोलकाता के न्यूटाउन स्थित डाउनटाउन मॉल में स्पा सेंटर को लेकर बवाल, वीडियो वायरल

 | 
कोलकाता के न्यूटाउन स्थित डाउनटाउन मॉल में स्पा सेंटर को लेकर बवाल, वीडियो वायरल


कोलकाता, 25 जून (हि. स.)। कोलकाता के न्यूटाउन के डाउनटाउन मॉल में स्थित एक स्पा सेंटर को लेकर बुधवार शाम भारी हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, स्पा सेंटर के मालिक कलिमुद्दीन और कुछ ग्राहकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हाथापाई और मारपीट में बदल गई। मॉल परिसर में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संबंधित स्पा सेंटर में मसाज सेवा की आड़ में कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां संचालित होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर यह भी कहा जा रहा है कि इसी मुद्दे को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। हालांकि प्रशासन या पुलिस की ओर से खबर लिखे जाने तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मॉल के भीतर कई लोगों के बीच तीखी बहस हुई जो बाद में मारपीट में बदल गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।

सूचना पाकर टेक्नोसिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटना से जुड़े होने के संदेह में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन घटना को लेकर लोगों में काफी चर्चा बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा