कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में 11 होटल बंद, 24 घंटे में खाली करने का निर्देश
कोलकाता, 21 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में शुक्रवार को नगर निगम, दमकल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान अब तक 11 होटलों को बंद करने का नोटिस दिया गया है। प्रशासन ने इन होटलों को पूरी तरह खाली करने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। होटल में ठहरे लोगों को भी बाहर निकाल दिया गया है।
संयुक्त टीम ने होटलों का निरीक्षण कर वहां अग्निशमन व्यवस्था और जरूरी अनुमतियों की जांच की। जांच के दौरान आरोप सामने आया कि कई होटल बिना लाइसेंस और आवश्यक मंजूरी के संचालित हो रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को संबंधित होटल मालिकों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर शुक्रवार को कार्रवाई की गई। फिलहाल 23 नंबर मार्क्विस स्ट्रीट के सात और 25 नंबर मार्क्विस स्ट्रीट के तीन होटल कार्रवाई की सूची में शामिल हैं।
जांच में यह भी पाया गया कि कई होटलों में छोटे अग्निशमन यंत्र तो मौजूद थे, लेकिन बड़े स्तर की आग से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। कहीं पानी का पंप खराब मिला, तो कहीं पाइप की व्यवस्था नहीं थी। कुछ जगहों पर पानी की लाइन होने के बावजूद वह इस्तेमाल के योग्य नहीं थी।
इस बीच शुक्रवार को न्यू मार्केट इलाके के अन्य 17 होटलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें भी 24 घंटे के भीतर जवाब देने का समय दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इन होटलों के खिलाफ भी व्यवसाय बंद करने की कार्रवाई की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

