home page

चार रविवार को ब्लू लाइन मेट्रो की सेवा आंशिक रूप से रहेगी बंद

 | 

कोलकाता, 14 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता मेट्रो रेल ने नवंबर और दिसंबर में चार रविवार को ब्लू लाइन पर आंशिक रूप से मेट्रो सेवा बंद रखने का निर्णय लिया है।

मेट्रो की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 15, 22 और 29 नवंबर तथा छह दिसंबर को सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक शहीद खुदीराम और महानायक उत्तम कुमार स्टेशन के बीच मेट्रो परिचालन बंद रहेगा।

इस दौरान दक्षिणेश्वर से महानायक उत्तम कुमार स्टेशन तक मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। दोनों छोर से पहली मेट्रो सुबह नौ बजे रवाना होगी। दक्षिणेश्वर और शहीद खुदीराम स्टेशन से अंतिम मेट्रो अपने निर्धारित समय पर चलेगी। शाम छह बजे के बाद ब्लू लाइन के पूरे मार्ग पर सामान्य सेवा बहाल होने की उम्मीद है।

इसके अलावा, 13 दिसंबर को भी सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक शहीद खुदीराम से मैदान स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा बंद रहेगी। इस दिन दक्षिणेश्वर से मैदान स्टेशन तक मेट्रो का परिचालन जारी रहेगा। दक्षिणेश्वर से पहली मेट्रो सुबह नौ बजे रवाना होगी, जबकि मैदान से दक्षिणेश्वर जाने वाली पहली मेट्रो सुबह 9:15 बजे उपलब्ध होगी। अंतिम मेट्रो अपने निर्धारित समय पर चलेगी।

मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, इन रविवारों को येलो और ग्रीन लाइन पर सेवाएं सामान्य रहेंगी। वहीं, पर्पल और ऑरेंज लाइन पर रविवार को मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता