home page

कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर रविवार को कई घंटे बंद रहेंगी सेवाएं, यात्रियों को होगी परेशानी

 | 

कोलकाता, 30 अक्टूबर (हि. स.)। कोलकाता मेट्रो रेलवे ने रखरखाव कार्य के कारण आगामी रविवार, एक नवंबर को ब्लू लाइन पर आंशिक रूप से मेट्रो सेवाएं बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दिन शहिद खुदीराम और मैदान मेट्रो स्टेशन के बीच सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक मेट्रो का व्यावसायिक परिचालन बंद रहेगा।

कोलकाता मेट्रो रेलवे कार्यालय के अनुसार, ब्लू लाइन के नेताजी और महानायक उत्तम कुमार मेट्रो स्टेशनों के बीच रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसके लिए संबंधित रेलखंड पर यातायात और बिजली आपूर्ति का ब्लॉक लिया जाएगा। इसी कारण शाहिद खुदीराम से मैदान स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं निर्धारित समय तक उपलब्ध नहीं रहेंगी।

मेट्रो रेलवे के अनुसार, शाम छह बजे के बाद ब्लू लाइन के पूरे मार्ग पर सामान्य सेवाएं बहाल होने की उम्मीद है। हालांकि, ब्लॉक की अवधि के दौरान दक्षिणेश्वर से मैदान मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

इस बीच येलो लाइन और ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी। हालांकि, एक नवंबर को जय हिंद विमानबंदर और दक्षिणेश्वर के बीच सीधी मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होगी।

रविवार होने के कारण पर्पल लाइन और ऑरेंज लाइन पर इस दिन कोई व्यावसायिक मेट्रो सेवा संचालित नहीं होगी। मेट्रो रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले निर्धारित परिचालन व्यवस्था का ध्यान रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता