दुर्गापूजा पर चार दिन रातभर चलेगी मेट्रो, ऑरेंज लाइन पर सेवा रहेगी बंद
कोलकाता, 09 अक्टूबर (हि. स.)। दुर्गापूजा के दौरान पंडालों में घूमने वाले लोगों की सुविधा के लिए कोलकाता मेट्रो ने विशेष सेवा की घोषणा की है। पूजा के चार दिनों तक ब्लू और ग्रीन लाइन पर रातभर मेट्रो चलेगी। व्यस्त समय में ब्लू लाइन पर छह मिनट और ग्रीन लाइन पर आठ मिनट के अंतराल पर ट्रेनें उपलब्ध होंगी।हालांकि, ऑरेंज लाइन पर पूजा के पांच दिनों में से तीन दिन सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, पूजा के दौरान ब्लू, ग्रीन, पर्पल, येलो और ऑरेंज लाइन पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ब्लू लाइन पर पंचमी और षष्ठी के दिन कुल 284 ट्रेनें चलेंगी। इस दौरान सेवा सुबह छह बजे शुरू होगी और अंतिम ट्रेन रात 11 बजे मिलेगी। व्यस्त समय में छह मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलेंगी।
वहीं, ग्रीन लाइन पर पंचमी और षष्ठी के दिन कुल 240 ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस बार सप्तमी दो दिन पड़ने के कारण यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए दोनों सप्तमी, अष्टमी और नवमी को ब्लू और ग्रीन लाइन पर रातभर मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी।
ब्लू लाइन पर 17 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक सेवा दोपहर एक बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह चार बजे तक चलेगी। वहीं, ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवा दोपहर डेढ़ बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह 3:59 बजे तक जारी रहेगी।
दशमी के दिन ब्लू लाइन पर दोपहर एक बजे से रात साढ़े 10 बजे तक कुल 140 ट्रेनें चलेंगी। इस दिन व्यस्त समय में आठ मिनट के अंतराल पर ट्रेनें उपलब्ध होंगी। ग्रीन लाइन पर दशमी के दिन दोपहर डेढ़ बजे से रात साढ़े 10 बजे तक कुल 74 ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस दिन ट्रेनों के बीच 15 मिनट का अंतराल रहेगा।
मेट्रो प्रबंधन ने बताया कि येलो और पर्पल लाइन पर भी पूजा के सभी दिनों में विशेष सेवा उपलब्ध रहेगी। हालांकि, ऑरेंज लाइन पर केवल पंचमी और षष्ठी के दिन मेट्रो चलेगी। दोनों सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशमी को इस लाइन पर मेट्रो सेवा पूरी तरह बंद रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

