मतदान के दिन सामान्य रहेंगी मेट्रो सेवा
कोलकाता, 28 अप्रैल (हि. स.)। कोलकाता में दूसरे चरण के मतदान से पहले आम यात्रियों के बीच मेट्रो सेवा को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। इस बीच कोलकाता मेट्रो रेल की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 29 अप्रैल को मतदान के दिन मेट्रो सेवाएं पूरी तरह सामान्य रहेंगी। यानी ब्लू, ग्रीन और ऑरेंज—तीनों लाइनों पर रोजाना की तरह ही ट्रेनें चलेंगी और समय-सारणी में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
ब्लू लाइन (नोआपाड़ा से शहीद खुदीराम) पर पहली मेट्रो सुबह करीब 6:50 बजे नोआपाड़ा से और 6:54 बजे शहीद खुदीराम से चलेगी। वहीं, आखिरी मेट्रो रात करीब 9:45 बजे नोआपाड़ा से और 9:44 बजे शहीद खुदीराम से रवाना होगी।
ग्रीन लाइन (हावड़ा मैदान से सेक्टर-V) पर पहली मेट्रो सुबह लगभग 6:45 बजे हावड़ा मैदान से और 6:39 बजे सेक्टर-V से चलेगी। इस लाइन पर आखिरी मेट्रो रात 9:55 बजे दोनों दिशाओं से चलेगी।
ऑरेंज लाइन (जय हिंद एयरपोर्ट से नोआपाड़ा) पर पहली मेट्रो सुबह 7:40 बजे जय हिंद एयरपोर्ट से और 7:18 बजे नोआपाड़ा से चलेगी। वहीं आखिरी मेट्रो नोआपाड़ा से रात 9:00 बजे और जय हिंद एयरपोर्ट से रात 9:20 बजे रवाना होगी।
मेट्रो प्राधिकरण ने यह भी आश्वासन दिया है कि मतदान के दिन यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी। नियमित सेवाओं के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के यात्रा कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

