home page

सिग्नल में खराबी से सुबह बाधित हुई कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन सेवा

 | 

कोलकाता, 11 अगस्त (हि.स.)। मंगलवार सुबह सिग्नलिंग व्यवस्था में खराबी के कारण कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर रेल सेवा कुछ समय के लिए बाधित रही। ब्लू लाइन पर दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम तक चलने वाली मेट्रो सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह साढ़े छह बजे के बाद मेट्रो सेवा सामान्य होने की जानकारी कोलकाता मेट्रो की ओर से दी गई।

कोलकाता मेट्रो सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह नियमित निरीक्षण के दौरान नोआपाड़ा और बरानगर मेट्रो स्टेशनों के बीच सिग्नलिंग व्यवस्था में तकनीकी समस्या का पता चला। इसके बाद एहतियात के तौर पर ब्लू लाइन पर आंशिक रूप से मेट्रो सेवा संचालित की गई।

सुबह छह बजे से करीब साढ़े छह बजे तक शहीद खुदीराम से गिरिश पार्क मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो का परिचालन किया गया। इस दौरान ब्लू लाइन के दूसरे हिस्से में सेवा प्रभावित रही। मेट्रो कर्मियों ने सिग्नलिंग व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी को दूर करने का काम शुरू किया।

कोलकाता मेट्रो की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सुबह साढ़े छह बजे के बाद मेट्रो सेवा सामान्य कर दी गई। इसके बाद ब्लू लाइन पर नियमित रूप से मेट्रो चलने लगी।

हालांकि, यात्रियों के एक वर्ग ने मंगलवार सुबह मेट्रो सेवा में देरी की शिकायत की। यात्रियों का कहना है कि कुछ मेट्रो निर्धारित समय से देर से चल रही थीं। इसके कारण कई स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।

यात्रियों के अनुसार, भीड़ अधिक होने के कारण कुछ स्टेशनों पर मेट्रो के स्वचालित दरवाजे बंद होने में भी परेशानी हुई। इसके अलावा कुछ यात्रियों ने मेट्रो के वातानुकूलन में भी समस्या होने की शिकायत की है।

मेट्रो प्रबंधन की ओर से सिग्नलिंग व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी को दूर कर सेवा सामान्य किए जाने की बात कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता