home page

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में बारिश, तापमान में गिरावट

 | 
कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में बारिश, तापमान में गिरावट


कोलकाता, 30 अप्रैल (हि.स.)। बुधवार के बाद गुरुवार को भी बंगाल में बादल छाए रहे। कोलकाता सहित आसपास के जिलों में बीच-बीच में धूप निकलने के बावजूद गर्मी और उमस से लोगों को कुछ राहत मिली है। पूर्वानुमान के अनुसार कोलकाता सहित कई जिलों में छिटपुट बारिश हुई है। बुधवार रात दक्षिण 24 परगना जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।

बारिश की वजह से तापमान में अचानक गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है। गुरुवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम है। वैशाख माह में कोलकाता में रिकॉर्ड बारिश भी दर्ज की गई है। बुधवार शाम से मध्यरात्रि तक शहर में 54 मिलीमीटर बारिश हुई।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अलीपुर मौसम कार्यालय ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में बारिश जारी रह सकती है, हालांकि सभी जिलों में समान रूप से वर्षा नहीं होगी। दक्षिण 24 परगना और पश्चिम मेदिनीपुर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर 24 परगना, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में भी आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। अगले मंगलवार तक दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में कालबैशाखी तूफान को लेकर सतर्कता जारी की गई है।

वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार सहित आठ जिलों में भी मंगलवार तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता