home page

फ्लैट में पिता-पुत्र के शव बरामद, गैस की गंध से मौत का रहस्य गहराया

 | 
फ्लैट में पिता-पुत्र के शव बरामद, गैस की गंध से मौत का रहस्य गहराया


कोलकाता, 13 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता के दमदम इलाके में शुक्रवार को एक फ्लैट से पिता और उनके दत्तक पुत्र के शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों में 72 वर्षीय बुजुर्ग और उनका 22 वर्षीय बेटा शामिल है। दोनों के शव एक ही अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट के अलग-अलग कमरों से मिले।

रिश्तेदारों और स्थानीय निवासियों की सूचना पर नागेरबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया। मृतकों की पहचान तपन कुमार चटर्जी (72) और उनके बेटे मोहम्मद हुसैन उर्फ सूर्या (22) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तपन कुमार पहले एक निजी बैंक में कार्यरत थे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को फ्लैट के अंदर गैस की तेज गंध मिली। इसके बाद गैस रिसाव को भी मौत की संभावित वजह मानकर जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों की मौत का गैस रिसाव से कोई संबंध है या नहीं।

स्थानीय निवासियों और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, तपन कुमार चट्टोपाध्याय और उनकी पत्नी की अपनी कोई संतान नहीं थी। इसलिए उन्होंने सूर्या को गोद लिया था। बचपन से ही उसका पालन-पोषण अपने बेटे की तरह किया था।

पुलिस ने घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। दोनों के शव अलग-अलग कमरों से मिलने के कारण पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फ्लैट से फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। साथ ही परिवार के परिचितों से पूछताछ की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता