संविधान दिवस पर श्रीकृष्ण के वेश में सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, भाजपा के खिलाफ किया प्रतीकात्मक प्रदर्शन
कोलकाता, 26 नवंबर (हि. स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कोलकाता के बऊबाजार में कांग्रेस की ओर से आयोजित विरोध कार्यक्रम में अनोखा प्रतीकात्मक प्रदर्शन देखने को मिला। श्रीकृष्ण के वेश में एक व्यक्ति हाथों में भगवद्गीता और भारतीय संविधान लेकर सड़क पर उतरा। इस दौरान उसने राहगीरों के बीच संविधान की प्रतियां भी वितरित कीं। कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा के खिलाफ संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया गया।
यह कार्यक्रम कांग्रेस के आईएनटीयूसी सेवादल और महिला कांग्रेस की ओर से आयोजित किया गया था। बऊबाजार में लेडी विक्टोरिया डफरिन अस्पताल के सामने बैंक ऑफ इंडिया के निकट हुए इस कार्यक्रम में वार्ड संख्या 60 (पूर्व वार्ड संख्या 48) की ब्लॉक कांग्रेस, आईएनटीयूसी सेवादल और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर, 1949 को भारत का संविधान अंगीकृत किया गया था। इसी दिन की याद में प्रत्येक वर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ संविधान की रक्षा का संदेश देते हुए विरोध कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजकों ने बंगाल में भाजपा के राजनीतिक उभार को 'अधर्म का उदय' बताते हुए लोगों से धर्म और न्याय की स्थापना के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शामिल लोगों के हाथों में संविधान की प्रतियां और प्रचार पत्रक भी दिखाई दिए। कार्यकर्ताओं ने आम लोगों को संविधान की प्रतियां देकर उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर आईएनटीयूसी सेवादल के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष प्रमोद पांडेय ने कहा कि भाजपा शुरू से ही संविधान का विरोध करती रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

