home page

कॉलेज स्ट्रीट में किताबों को लेकर एसएफआई और एबीवीपी आमने-सामने, विमान बोस को दिखाए गए ‘गो बैक’ के नारे

 | 
कॉलेज स्ट्रीट में किताबों को लेकर एसएफआई और एबीवीपी आमने-सामने, विमान बोस को दिखाए गए ‘गो बैक’ के नारे


कोलकाता, 18 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट में बुधवार को किताबों के जरिए राजनीतिक विचारधारा की लड़ाई सड़क पर उतर आई। वामपंथी और प्रगतिशील साहित्य के जवाब में राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ी किताबों का स्टॉल लगाने को लेकर एसएफआई और एबीवीपी के सदस्य आमने-सामने आ गए। दोनों संगठनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिससे कॉलेज स्ट्रीट का इलाका काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग करनी पड़ी।

बुधवार सुबह एबीवीपी के सदस्य एसएफआई के बुक स्टॉल के सामने ही अपना पुस्तक स्टॉल लगाने की कोशिश करने लगे। इसके बाद दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। एबीवीपी के सदस्य हाथों में स्वामी विवेकानंद की पुस्तकें और भारत माता की तस्वीर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं, एसएफआई ने आरोप लगाया कि एबीवीपी समर्थकों ने उनके बैनर फाड़ दिए और मार्क्स तथा लेनिन की किताबें सड़क पर फेंक दीं। स्थिति बिगड़ने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने बैरिकेड और गार्डरेल लगाकर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। इसी दौरान धक्का-मुक्की में एसएफआई का एक सदस्य घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने तत्काल वहां से हटाया।

दूसरी ओर, एबीवीपी के कार्यकर्ता भी अपना बुक स्टॉल लगाने की अनुमति देने की मांग पर सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करने लगे।

इस बीच बुधवार को एसएफआई के बुक स्टॉल पर वामपंथी नेता विमान बोस और सुजन चक्रवर्ती भी पहुंचे। स्टॉल से बाहर निकलते समय एबीवीपी समर्थकों ने विमान बोस को घेरकर उनके खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इस पर विमान बोस ने कहा कि गो बैक कहने की जरूरत नहीं है। मैं यहां रहने नहीं आया हूं और न ही किताबें बेचने आया हूं।

दरअसल, इस विवाद की शुरुआत मंगलवार को हुई थी। पुलिस की अनुमति लेकर माकपा ने कॉलेज स्ट्रीट स्थित महाबोधि सोसाइटी के सामने तीन दिनों के लिए मिनी पुस्तक मेले का आयोजन शुरू किया था। मुख्य रूप से एसएफआई की पहल पर इस पुस्तक स्टॉल की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, आरोप है कि पुलिस ने अचानक इसमें बाधा डाल दी। इसके बाद एसएफआई के सदस्यों ने कॉलेज स्ट्रीट पर ट्राम लाइन के ऊपर ही किताबें सजाकर बिक्री शुरू कर दी। पुलिस ने इसे कानून का उल्लंघन बताते हुए हटाने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

इसके पहले दिन मंगलवार को भी कॉलेज स्ट्रीट में दिनभर तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही।बुधवार को एबीवीपी की ओर से भी उसी स्थान पर पुस्तक स्टॉल लगाने की कोशिश के बाद विवाद और गहरा गया। किताबों और विचारधारा को लेकर शुरू हुई यह खींचतान अब दो छात्र संगठनों के बीच राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप लेती दिखाई दी। पुलिस की मौजूदगी और बैरिकेडिंग के बावजूद इलाके में काफी देर तक तनाव बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा